गढ़वा। गढ़वा प्रखंड के बीरबँधा पंचायत भवन में 51 असहाय बहन-बेटियों के सामूहिक विवाह को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना तथा समाज में व्याप्त कुप्रथाओं के खिलाफ जनचेतना फैलाना है।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने ग्रामीणों को बाल विवाह, भ्रूण हत्या एवं दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इन पर रोक लगाने का संकल्प दोहराया। साथ ही सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया, ताकि जरूरतमंद परिवार बिना आर्थिक बोझ के अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक कर सकें।
संस्था के सचिव महाकाल तिवारी ने कहा कि जिन परिवारों को अपनी बेटियों की शादी करने में आर्थिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, वे जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन में पंजीकरण कराएं। संस्था द्वारा विधि-विधान के साथ उनकी शादी संपन्न कराई जाएगी और खर्च को भी न्यूनतम रखा जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य केवल विवाह कराना ही नहीं है, बल्कि उन बेटियों के सुख-दुख में हर समय उनके साथ खड़ा रहना भी है। संस्था समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता देखी गई और लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
0 Comments