Ticker

6/recent/ticker-posts

ओबीसी सूची में शामिल होने की मांग तेज, कसौधन वैश्य समाज ने आयोग अध्यक्षा को सौंपा ज्ञापन

गढ़वा। अखिल भारतवर्षीय कसौधन वैश्य महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्षा साध्वी निरंजना ज्योति से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर कसौधन वैश्य समाज को केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी गुप्ता (गोरखपुर), राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता (रोहिणी, दिल्ली), राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश कश्यप (गढ़वा), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयंत कश्यप (सिमडेगा, झारखंड), राष्ट्रीय संगठन मंत्री संतोष कुमार गुप्ता (डेहरी ऑन सोन, बिहार) एवं शारदा प्रसाद गुप्ता (भिलाई, छत्तीसगढ़) शामिल थे।
प्रतिनिधियों ने आयोग अध्यक्षा को अवगत कराया कि कसौधन वैश्य समाज लंबे समय से सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्ग में शामिल किए जाने की मांग करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल होने से समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे उनके समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समाज की वर्तमान स्थिति, प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं से भी आयोग को अवगत कराया। आयोग अध्यक्षा साध्वी निरंजना ज्योति ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तुत मांगों पर उचित स्तर पर विचार किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल को समाज के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि आयोग द्वारा सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे समाज के लोगों को व्यापक लाभ मिल सकेगा।

Post a Comment

0 Comments