गढ़वा। देश की आन-बान-शान के प्रतीक कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को आर के पब्लिक स्कूल का परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि 26 जुलाई 1999 का दिन भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। कारगिल की दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहराकर भारतीय सेना ने पूरी दुनिया को अपनी वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष पाण्डेय ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना जागृत करना है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना हम सभी का परम कर्तव्य है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं एवं पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से वातावरण को गौरवपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी को भावुक कर दिया।
अंत में निदेशक ने कहा कि आर के पब्लिक स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और राष्ट्रप्रेम की पाठशाला भी है। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चे शिक्षा के साथ-साथ अच्छे नागरिक भी बनें।
0 Comments