Ticker

6/recent/ticker-posts

जीएन कॉन्वेंट में राष्ट्रीय आम दिवस पर बंटे स्वाद और सेहत के तोहफे

गढ़वा: स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय आम दिवस के अवसर पर ‘स्वीट मैंगो डे’ का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के हरित प्रांगण में सभी छात्र-छात्राओं के बीच मीठे एवं ताजे आम का वितरण किया गया। आम पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय आम दिवस उष्णकटिबंधीय फल आम के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने बताया कि आम अपने स्वादिष्ट स्वाद और अनेक स्वास्थ्य लाभों के कारण विश्वभर में पसंद किया जाता है तथा भारतीय संस्कृति और इतिहास में इसका महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
उन्होंने कहा कि 22 जुलाई को राष्ट्रीय आम दिवस मनाने का उद्देश्य आम की विभिन्न किस्मों, उसके स्वाद और उससे जुड़े सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करना है। गर्मियों के मौसम में बाजार में कच्चे से लेकर पके आमों की भरमार रहती है और लोग विभिन्न किस्मों जैसे मालदा, दशहरी और लंगड़ा आम का विशेष रूप से आनंद लेते हैं। इनमें लंगड़ा आम को विशेष रूप से स्वादिष्ट माना जाता है।
स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से आम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, फाइबर, पोटेशियम एवं कार्बोहाइड्रेट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जूनियर विंग की शिक्षिकाएं नीलम केशरी, शिवानी कुमारी, चंदा श्रीवास्तव, सरिता दुबे, मधु कुमारी एवं वर्षा कुमारी का योगदान सराहनीय रहा। अंत में सभी बच्चों के बीच आम का वितरण किया गया, जिसमें बच्चों ने भरपूर आनंद लिया।

Post a Comment

0 Comments