Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वाध्याय ही सफलता की कुंजी, एआई से दूरी बनाएं छात्र: अलखनाथ पाण्डेय

गढ़वा। आर.के. पब्लिक स्कूल, गढ़वा में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति एवं सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् श्री अलखनाथ पाण्डेय ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को ChatGPT, एआई तथा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों का उपयोग कर उत्तर लिखने के लिए प्रोत्साहित न करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकों का गहन अध्ययन कर विषय को स्वयं समझने और अपने शब्दों में उत्तर लिखने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मेहनत, नियमित अभ्यास और स्वाध्याय का कोई विकल्प नहीं होता और यही सफलता की मजबूत नींव है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की दिनचर्या, समय प्रबंधन, पढ़ाई के प्रति एकाग्रता तथा उनकी संगति पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के साथ अधिक समय बिताने, विद्यालय की गतिविधियों से जुड़े रहने और शिक्षकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की सलाह दी, ताकि बच्चों का भविष्य बेहतर तरीके से संवारा जा सके।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और अनुशासन ही आर.के. पब्लिक स्कूल की पहचान है और शिक्षा के माध्यम से ही समाज व राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूरे शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट उपस्थिति, सर्वश्रेष्ठ यूनिफॉर्म, अनुशासन एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर टेबल टेनिस संघ के सचिव आनंद सिन्हा, अनूप पांडे सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments