डंडई (गढ़वा)। प्रखंड के लवाही खुर्द स्थित प्रसिद्ध बाबा मंगरदह महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में ग्रामीणों एवं मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई तथा मेला संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख प्रतिनिधि घुरबिगन बैठा ने की।
बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव करने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि श्रावणी सोमवारी के दिन सभी दोपहिया वाहनों की पार्किंग सकुरान बैठा एवं अमित बैठा के घर के समीप होगी। वहीं तीसरी एवं चौथी सोमवारी को चारपहिया वाहनों को मंदिर से लगभग एक किलोमीटर पहले डंडई रोड पर ही रोक दिया जाएगा, ताकि मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रित रहे और श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा मंदिर परिसर की व्यापक साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने पर सहमति बनी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे मेले के दौरान गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
बैठक में समिति का गठन करते हुए श्रीधर बैठा को अध्यक्ष तथा सुरेंद्र साह एवं सुनील चंद्रवंशी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। मेला आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमति प्राप्त करने का दायित्व धर्मदेव ठाकुर एवं लालबिहारी यादव को दिया गया है। दुकानों के आवंटन की जिम्मेदारी उमेश पासवान, लालबिहारी यादव एवं बलराम बैठा को सौंपी गई है। वहीं मंदिर के गर्भगृह एवं मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शंभू बैठा, विजय बैठा, मानदेव बैठा एवं प्रताप सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूलों की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए बाहर से आए झूला संचालकों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
0 Comments