बिशुनपुरा (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र के नव प्राथमिक विद्यालय, अंबेडकर नगर पतागड़ा कला में सोमवार को कक्षा पहली से पांचवीं तक के 125 छात्र-छात्राओं के बीच स्कूल बैग एवं कॉपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिशुनपुरा पंचायत समिति सदस्य शांति देवी ने बच्चों के बीच बैग और कॉपी वितरित की।
इस अवसर पर शांति देवी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस प्रकार की योजनाएं विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उनका मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर शैक्षणिक सामग्री मिलने से उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिवार बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बैग और कॉपी पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
0 Comments