श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। जहां अधिकांश लोग सांप का नाम सुनते ही डर जाते हैं और उसे देखते ही मारने की कोशिश करते हैं, वहीं रमना प्रखंड का युवा सुनील गुप्ता सांपों को नया जीवन देने का मिशन लेकर काम कर रहा है। जहरीले से जहरीले सांपों का निडर होकर रेस्क्यू करने वाले सुनील इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं। उनका स्नेक रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे लोगों को सांपों के महत्व की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें न मारने की अपील करते नजर आते हैं।
सुनील गुप्ता का कहना है कि सांप भी प्रकृति के महत्वपूर्ण जीव हैं और बिना वजह उन्हें मारना गलत है। इसी सोच के साथ वे पिछले कई वर्षों से पूरी तरह नि:शुल्क स्नेक रेस्क्यू का कार्य कर रहे हैं। गांव हो या शहर, दिन हो या आधी रात, कहीं भी सांप निकलने की सूचना मिलते ही वे तुरंत अपने उपकरण लेकर मौके पर पहुंच जाते हैं और सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ देते हैं।
यूट्यूब से सीखी कला, बना लिया जीवन का मिशन
सुनील बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें सांपों के प्रति जिज्ञासा थी। खेतों में काम करने के दौरान कई बार उनका सामना सांपों से हुआ, लेकिन उन्होंने कभी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाया। बाद में यूट्यूब पर स्नेक रेस्क्यू के वीडियो देखकर उन्होंने इस कला को सीखा और वर्ष 2023 से लोगों की सेवा में जुट गए। अब तक वे कोबरा, गेहुवन, धामिन सहित कई जहरीले और दुर्लभ प्रजाति के सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर चुके हैं।
बरसात में रोजाना पहुंचते हैं लोगों की मदद के लिए
बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में सुनील का मोबाइल लगातार बजता रहता है। सूचना मिलते ही वे लोहे की विशेष स्टिक और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर सांप का रेस्क्यू करते हैं। इस सेवा के लिए वे किसी से कोई शुल्क नहीं लेते। उनका उद्देश्य सिर्फ इंसानों और वन्यजीवों दोनों की जान बचाना है।
सिर्फ रेस्क्यू नहीं, लोगों को भी करते हैं जागरूक
सुनील गुप्ता केवल सांप पकड़ने तक सीमित नहीं हैं। वे लोगों को जागरूक भी करते हैं कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और उसे मारने की बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यूकर्ता को बुलाएं। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज कराना चाहिए। वे लगातार लोगों को वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
एसडीओ और एसडीपीओ आवास से भी किया जहरीले सांप का रेस्क्यू
हाल ही में श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पदाधिकारी एवं एसडीपीओ के सरकारी आवास में जहरीला सांप निकल आया था। सूचना मिलते ही सुनील मौके पर पहुंचे और सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया। इस कार्य की लोगों ने काफी सराहना की।
कई बार खुद भी हुए घायल, फिर भी नहीं छोड़ा सेवा का संकल्प
सांपों का रेस्क्यू करना जोखिम भरा काम है। इस दौरान कई बार सुनील खुद भी घायल हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। उनका कहना है कि जब तक संभव होगा, वे वन्यजीवों की रक्षा और लोगों की सुरक्षा के लिए इसी तरह नि:स्वार्थ सेवा करते रहेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनील गुप्ता जैसे युवाओं की वजह से अब लोग सांपों को मारने के बजाय उन्हें सूचना देते हैं। उनकी यह अनोखी पहल न सिर्फ वन्यजीव संरक्षण का संदेश दे रही है, बल्कि समाज में जागरूकता भी फैला रही है।
0 Comments