Ticker

6/recent/ticker-posts

मंगल पांडे का बलिदान अतुल्य, युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : विजय सोनी

गढ़वा। प्रथम भारतीय स्वाधीनता संग्राम के अमर बलिदानी मंगल पांडे की जयंती के अवसर पर पं. हर्ष द्विवेदी कला मंच, नवादा (गढ़वा) के तत्वावधान में बंधन मैरिज हॉल, नवादा मोड़ में “आदरांजलि” कार्यक्रम श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों एवं कला प्रेमियों द्वारा मंगल पांडे के चित्र पर पुष्पार्चन एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस दौरान सभी ने उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पं. हर्ष द्विवेदी कला मंच के निदेशक नीरज श्रीधर ने कहा कि मंगल पांडे ने अपने अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम से स्वतंत्रता की वह ज्योति प्रज्वलित की, जिसने आगे चलकर पूरे देश को आज़ादी के महायज्ञ में सहभागी बनाया। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
संस्कार भारती, गढ़वा जिला इकाई के संरक्षक विजय सोनी ने कहा कि मंगल पांडे का अतुल्य योगदान अनुकरणीय है। उनके बलिदान ने भारतीयों के मन में स्वाधीनता की चेतना का संचार किया। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कराटे गुरु मनोज संसाई ने कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे अपने आचरण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा में भी उतारना चाहिए। मंगल पांडे का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षिका झूलन कुमारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। “वन्दे मातरम्” के सामूहिक गान के साथ कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

Post a Comment

0 Comments