डंडई (गढ़वा)। कृषि विभाग एवं आत्मा (ATMA) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को प्रखंड डंडई में डिजिटल कृषि रथ का सफल संचालन किया गया। बदलते मौसम, जलवायु परिवर्तन एवं कम वर्षा की संभावना को ध्यान में रखते हुए किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक किया गया।
डिजिटल कृषि रथ ने सोनेहारा, करके, डंडई, रारो, लवाही कला एवं पचौर पंचायतों का भ्रमण किया। इस दौरान एलईडी स्क्रीन एवं ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से किसानों को कम वर्षा की स्थिति में फसल प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण, उन्नत बीजों का चयन, धान की सीधी बुवाई, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी रमेश सिंह ने किसानों से अपील की कि वे मौसम के अनुरूप खेती करें तथा कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली तकनीकों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जारी वैज्ञानिक सलाह का पालन कर किसान अपनी फसल की उत्पादकता बढ़ा सकते हैं।
वहीं बीटीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल कृषि रथ का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक आधुनिक कृषि तकनीक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है, ताकि किसान बदलती जलवायु के अनुरूप खेती कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
0 Comments