गढ़वा। परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद की जयंती के अवसर पर बुधवार को गढ़वा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री सह राधा पार्वती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. पातंजली केशरी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद भारतीय सेना के ऐसे अमर योद्धा थे, जिन्होंने अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन और शौर्य प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रति उनका समर्पण और बलिदान सदैव लोगों को कर्तव्यपथ पर अग्रसर रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा देता रहेगा। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि देश की अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
0 Comments