Ticker

6/recent/ticker-posts

रक्तदान महादान का संदेश, डॉक्टर दिवस पर दिखा जनसहभागिता का जज्बा

गढ़वा। राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल गढ़वा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) एवं परमेश्वरी मेडिकल सेंटर, गढ़वा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 35 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी सह पूर्व उप प्रमुख खरौंधी प्रखंड एवं आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता गोरखनाथ चौधरी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है और किसी परिवार को अपनों से बिछड़ने से बचा सकता है।” उन्होंने प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर IMA की सचिव डॉ. नीतू सिंह ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है और यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
वहीं डॉ. निशांत सिंह ने कहा कि जागरूकता के अभाव में आज भी कई लोग रक्तदान से डरते हैं, जबकि इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। उन्होंने लोगों से आगे आकर जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। साथ ही विभिन्न संस्थाओं से समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करने की अपील की गई, ताकि किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी न हो।
इस मौके पर डॉ. कुमार निशांत कुमार सिंह, डॉ. नीतू सिंह, प्रदीप कुमार, शशि कुमार यादव, पूजा कुमारी, अंजू कुमार, शैलेश कुमार, दयानंद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments