गढ़वा। जीएन कॉन्वेंट स्कूल में अमर वीर बलिदानी सैनिकों के बलिदान दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अमर शहीदों के सम्मान में राष्ट्रगीत एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी, उपप्राचार्य बसंत ठाकुर तथा वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा अमर शहीदों के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात बच्चों ने देशभक्ति गीतों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि यह दिन भारत के इतिहास में वीरता, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत सदैव अपने पड़ोसी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने का प्रयास करता रहा है, लेकिन जब भी देश की संप्रभुता पर खतरा आया है, भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कारगिल की बर्फीली चोटियों पर लड़ी गई लड़ाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सैन्य अभियान, जिसे ऑपरेशन विजय के नाम से जाना जाता है, ने पूरे विश्व के सामने भारतीय सैनिकों की वीरता और समर्पण की मिसाल पेश की।
उन्होंने आगे कहा कि यह दिन केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है।
0 Comments