Ticker

6/recent/ticker-posts

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A के रीजन-4 का PST स्कूलिंग एवं क्लब ऑफिसर्स प्रशिक्षण भव्य रूप से संपन्न

गढ़वा। लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A के रीजन-4 द्वारा नए सत्र के पदाधिकारियों के लिए PST स्कूलिंग एवं क्लब ऑफिसर्स प्रशिक्षण का भव्य आयोजन स्थानीय बंधन मैरिज हॉल में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रीजन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन रवींद्र जायसवाल ने किया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए जोन चेयरपर्सन, क्लब अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सैकड़ों लायंस सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन शुभ्रा मजूमदार थीं। उनके साथ जीएलटी कोऑर्डिनेटर पीएमजेएफ लायन राहुल वर्मा, पीडीजी पीएम लायन सिद्धार्थ मजूमदार एवं प्रथम उप-डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन कंचन साहू मंचासीन रहे। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, सेवा परियोजनाओं के संचालन, सदस्यता विस्तार, नेतृत्व विकास, टीम प्रबंधन, प्रशासनिक जिम्मेदारियों एवं वित्तीय पारदर्शिता जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने सेवा भावना को संगठन का मूल आधार बताते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि शुभ्रा मजूमदार ने रीजन-4 की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि रवींद्र जायसवाल के नेतृत्व में सेवा कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नेत्रदान जागरूकता, महिला सशक्तिकरण एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में कार्य बढ़ाने का आह्वान किया।
राहुल वर्मा ने नेतृत्व विकास एवं प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला, वहीं सिद्धार्थ मजूमदार ने संगठन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कंचन साहू ने कहा कि लायंस क्लब सेवा और मानवीय मूल्यों का सशक्त मंच है।
इस अवसर पर लायन गणेश सिंह, लायन दिनेश पुरी सहित गढ़वा के चारों क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। गया, सासाराम और डाल्टनगंज जोन से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रीजन-4 के सभी 13 क्लबों के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर नए सत्र में बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में रीजन चेयरपर्सन रवींद्र जायसवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना है। राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments