Ticker

6/recent/ticker-posts

21वें स्थापना दिवस पर नंदेश्वर मंदिर में भक्ति का संगम, हुआ भव्य रुद्राभिषेक

गढ़वा। सहिजना मोहल्ले स्थित प्राचीन नंदेश्वर शिव मंदिर के 21वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को विधि-विधान के साथ भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन बनारस से पधारे आचार्य रोहित दीक्षित, मंजय दीक्षित एवं संजीव चौबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
रुद्राभिषेक के दौरान विद्वान आचार्यों ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि रुद्राभिषेक करने एवं उसमें शामिल होने से सभी कष्टों का निवारण होता है तथा सच्चे मन से लिए गए संकल्प अवश्य पूर्ण होते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने का आह्वान किया।
पूर्व वार्ड पार्षद जितेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि यह मंदिर वर्ष 1898 में स्थापित हुआ था और लगभग 188 वर्ष पुराना है। वर्ष 2005 में मोहल्लेवासियों के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण एवं पुनः स्थापना की गई, जिसके बाद से प्रत्येक वर्ष 13 जुलाई को स्थापना दिवस के अवसर पर रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि पिछले 21 वर्षों से यह परंपरा निरंतर जारी है, जिसमें मोहल्ले के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और श्रद्धा व उल्लास के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष भी पूरे मोहल्ले में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रुद्राभिषेक में यजमान की भूमिका पूर्व वार्ड पार्षद जितेंद्र कुमार सिन्हा एवं वार्ड पार्षद रश्मि सिंह ने निभाई। कार्यक्रम में मुकेश कुमार सिन्हा, राजू सिन्हा, अजीत कुमार सिन्हा, प्रो. उमेश सहाय, गुड्डू तिवारी, राजीव रंजन सिन्हा, संजीव सिंह, लाल बाबू, नीरज सिन्हा, सत्यनारायण सिन्हा, बृजमोहन प्रसाद, आलोक कुमार सिन्हा, गौरव सिन्हा, अरविंद कुमार दुबे, संजय सिंह, जय सिन्हा, निपुण सिन्हा, तेज, बासु, अतुल्य, चंदन सिन्हा, अनिल कुमार सिन्हा, श्रेष्ठ सिन्हा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments