Ticker

6/recent/ticker-posts

आइकॉन पर्सनालिटी ऑफ भारत अवार्ड 2026’ से सम्मानित होंगे तिरंगा वाले शौकत खान

गढ़वा। झारखंड के गौरव और ‘तिरंगा वाले’ के नाम से प्रसिद्ध समाजसेवी शौकत खान को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। आगामी 18 जुलाई को पटना स्थित होटल ताज में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें ‘आइकॉन पर्सनालिटी ऑफ भारत अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान हिंदी फिल्म अभिनेत्री ईशा देओल के हाथों प्रदान किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए बीआईबी के डायरेक्टर श्रीकांत सिंह और आलोक सिंह द्वारा शौकत खान को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रण मिलने पर शौकत खान ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बीआईबी पटना के मंच पर पहले भी कई बड़ी हस्तियों के हाथों चार बार सम्मानित किया जा चुका है और यह उनका पांचवां सम्मान होगा।
बताते चलें कि गढ़वा जिले के निवासी शौकत खान अपने पुत्र साजिद खान के साथ मिलकर लंबे समय से निस्वार्थ सामाजिक सेवा में जुटे हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वे पिछले 13 वर्षों में तीन लाख से अधिक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर चुके हैं। उनके इस अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और भारतीय सेना व शहीदों के प्रति सम्मान बढ़ाना है।
इसके अलावा शौकत खान ने गरीबों की मदद के लिए कई निशुल्क सहायता केंद्र (बैंक) संचालित कर लगभग दस लाख से अधिक जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाई है। उनके इस निरंतर सेवा कार्य के लिए उन्हें देशभर में सैकड़ों पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं।
एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर मिलने जा रहा यह सम्मान न केवल शौकत खान बल्कि पूरे झारखंड और गढ़वा जिले के लिए गर्व का विषय है।

Post a Comment

0 Comments