गढ़वा:जिले में फुटबॉल खेल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 18 जुलाई से स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम में किया जाएगा। इसको लेकर जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित कर प्रतियोगिता की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता अंडर-12 एवं अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित होगी। इसमें जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी टीमों को अपने-अपने विद्यालय के लेटरपैड पर 18 सदस्यीय टीम के साथ एक कोच एवं एक मैनेजर का नाम देना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी खिलाड़ियों का आधार नंबर एवं पेन नंबर भी देना होगा।
प्रतियोगिता लीग आधारित होगी, जिससे अधिक से अधिक टीमों को खेलने का अवसर मिल सके। अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 1600 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अंडर-12 वर्ग के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु आयोजन समिति के गठन का निर्णय भी लिया गया। इस क्रम में जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के सचिव मदन प्रसाद केशरी को समिति का गठन कर इसकी सूचना देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष सुशील केशरी, आनंद कुमार सिन्हा, कमलेश कुमार दुबे, प्रिंस सोनी, अभिषेक द्विवेदी एवं राहुल साहू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
0 Comments