रंका (गढ़वा)। झारखंड सरकार के निर्देशानुसार देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रंका में पल्स पोलियो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) रोहित रंजन सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी, प्रमुख श्रीमती लीलावती देवी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
इस अवसर पर डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रह जाए। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि यह केवल दवा की दो बूंद नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि पोलियो वायरस बच्चों को स्थायी रूप से अपंग बना सकता है, इसलिए हर बार की खुराक बेहद जरूरी है।
प्रमुख श्रीमती लीलावती देवी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र के विकास की शुरुआत बच्चों के स्वास्थ्य से होती है। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे दूर-दराज और वंचित क्षेत्रों के बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण ही समाज को सुरक्षित रखता है।
औचक निरीक्षण से दिखी मुस्तैदी
कार्यक्रम के बाद डॉ. असजद अंसारी ने विभिन्न पोलियो बूथों का औचक निरीक्षण किया और वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति व कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर बच्चे तक दवा पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
0 Comments