Ticker

6/recent/ticker-posts

उर्मिला देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, वृक्षारोपण कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

गढ़वा। वनांचल एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट, गढ़वा की प्रथम चेयरपर्सन एवं आजीवन सदस्य स्वर्गीय उर्मिला देवी की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अपने श्रद्धांजलि संदेश में कुलाधिपति ने कहा कि स्वर्गीय उर्मिला देवी के समर्पण, दूरदर्शिता एवं सेवा-भाव के कारण ही ट्रस्ट आज सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना सका है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष 51 निर्धन जोड़ों का सामूहिक विवाह, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन, छठ महापर्व पर पूजन सामग्री वितरण, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इन सभी कार्यों की मजबूत नींव स्वर्गीय उर्मिला देवी ने अपने अथक परिश्रम और समर्पण से रखी थी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एस.के. सिंह ने अपनी भावपूर्ण कविता के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के तहत उनकी स्मृति में कटहल एवं आम के फलदार पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।
इस मौके पर कुलसचिव डॉ. गोकुल आचार्य, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ललन कुमार, डॉ. अमित कुमार मिश्रा, डॉ. एस.के. सिंह, ट्रस्ट के पदाधिकारी सुभाष कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, शंभू राम सहित विश्वविद्यालय के डीन, प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments