रंका (गढ़वा): उपायुक्त द्वारा बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), रंका का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सीधे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कक्ष में पहुंचे और वहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी का गहन अवलोकन किया।
इसके पश्चात उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परिसर में बेहतर साफ-सफाई एवं सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित ड्रेस कोड में देखकर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त किया और पूरी टीम के अनुशासन की सराहना की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त उस सभा कक्ष में पहुंचे, जहां स्वास्थ्य विभाग की बैठक चल रही थी। उन्होंने चिनिया प्रखंड में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), चिनिया में आयोजित की जाए, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल की बेहतरी हेतु आवश्यक संसाधनों की मांग सीधे उनसे की जा सकती है, ताकि सुदूरवर्ती क्षेत्रों के गरीब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उपायुक्त अस्पताल की व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर लौटे। उनका यह निरीक्षण CHC रंका के लिए गौरव का विषय है और टीम के सामूहिक प्रयास एवं समर्पण को दर्शाता है।
0 Comments