गढ़वा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यकारिणी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गढ़देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर देश के सर्वांगीण विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाएं सामाजिक और आर्थिक सुधार के बड़े उदाहरण हैं।
भाजपा महामंत्री जितेंद्र चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिकों को लाभ मिला है। इन योजनाओं ने गरीबों और वंचित वर्ग के जीवन स्तर को सुधारने में अहम भूमिका निभाई है।
वहीं भाजपा जिला मंत्री व समाजसेवी डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति, एक्सप्रेस-वे का निर्माण, नए हवाई अड्डे तथा वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की शुरुआत भारत के विकास की नई पहचान बनी है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है और डिजिटल लेनदेन में देश अग्रणी बनकर उभरा है।
डॉ. केशरी ने आगे कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सर्जिकल स्ट्राइक जैसी नीतियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सशक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल को उनकी लोकप्रियता और मजबूत राष्ट्रवाद का प्रतीक बताया तथा देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सभी से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, मीना केशरी, मीरा देवी, मीना देवी, भाजपा जिला युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुन्ना तिवारी, गढ़वा मंडल अध्यक्ष धनंजय गौड़ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।