गढ़वा। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने सोमवार को उपायुक्त (डीसी) महोदय से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। यह मुलाकात पिछले सप्ताह उपायुक्त द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रंका के निरीक्षण के दौरान दिए गए आमंत्रण के क्रम में हुई।
ज्ञात हो कि निरीक्षण के दौरान उपायुक्त महोदय अस्पताल की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं बेहतर प्रबंधन से काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अपने कक्ष में आमंत्रित कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा करने की इच्छा व्यक्त की थी।
इस दौरान डॉ. असजद अंसारी ने अस्पताल के विकास एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र उपायुक्त महोदय को सौंपा। मांग पत्र में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु डिजिटल एक्स-रे मशीन एवं डेंटल चेयर की व्यवस्था, चिकित्सालय परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण तथा जर्जर हो चुके भवन के जीर्णोद्धार की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
वार्ता के दौरान उपायुक्त महोदय ने अस्पताल में बनाए रखे गए स्वच्छता, अनुशासन एवं बेहतर प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए जनहित में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने का भरोसा दिया।
उपायुक्त महोदय ने आश्वासन दिया कि प्रस्तुत मांगों पर त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
0 Comments