गढ़वा: गढ़वा नगर परिषद के अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी ने नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित मांग पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान नगर की जीवनरेखा मानी जाने वाली दानरो नदी एवं सरस्वती नदी के सुंदरीकरण और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष श्री सोनी ने नगरवासियों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता देते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा भेजे जाने वाले जनहित एवं विकास से संबंधित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा नगरों का समग्र विकास सुनिश्चित करना सरकार और विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
0 Comments