गढ़वा/रंका। राज्य सरकार के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद परवेज, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला टोपनों तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद परवेज ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान को सफल बनाने के लिए सभी लोगों को तन-मन से जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है, इसलिए गांव-गांव में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता है।
वहीं एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि सहिया के माध्यम से सभी गांवों में नशा मुक्ति कार्यक्रम चलाया जाएगा, ताकि लोग नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ जीवन जी सकें।
जागरूकता रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका से निकलकर थाना मोड़, मुख्य बाजार, चेक नाका होते हुए प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
इस मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक नारायण कुमार, प्रखंड लेखा प्रबंधक दिनेश प्रसाद गुप्ता, प्रधान सहायक ललन राम, उप प्रधान सहायक राहुल कुमार गुप्ता, एमटीएस पंकज विश्वकर्मा, मो. खालिद सहित रंका, रमकंडा एवं चिनिया क्षेत्र के सहिया, सहिया साथी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
0 Comments