गढ़वा (चिनिया): चिनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती ग्राम परशुखाड़ में मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में व्याप्त नशाखोरी, बाल विवाह और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने डायल 112 पर संपर्क कर चिनिया थाना प्रभारी बिकु कुमार रजक को अभियान की जानकारी दी तथा गांव में चल रहे सामाजिक मुद्दों पर हस्तक्षेप करने की अपील की। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि, महिला भ्रूण हत्या या सामाजिक कुरीतियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने विशेष रूप से डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वासों से दूर रहने और ओझा-गुनी के चक्कर में न पड़ने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी महिला या पुरुष को इस आधार पर प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है।
ग्रामीण महिलाओं ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि गांव में यदि इस प्रकार की कोई घटना होती है तो वे तुरंत नजदीकी थाना को सूचित करेंगी और समाज को कुरीतियों से मुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखेंगी।
0 Comments