Ticker

6/recent/ticker-posts

विश्व रक्तदाता दिवस पर रंका में लगेगा विशाल रक्तदान शिविर, जीवन बचाने की अपील

गढ़वा/रंका। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 15 जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि आपातकालीन व गंभीर परिस्थितियों में जीवनरक्षक उपचार दिया जा सके।
चिकित्सा क्षेत्र में लगातार प्रगति के बावजूद आज भी रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प विकसित नहीं हो पाया है। ऐसे में मानव रक्त ही मरीजों के लिए सबसे विश्वसनीय और आवश्यक स्रोत बना हुआ है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने बताया कि दुर्घटना, प्रसव, बड़ी सर्जरी, कैंसर, थैलेसीमिया समेत कई गंभीर बीमारियों में रक्तदान किसी संजीवनी से कम नहीं है। एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। अस्पताल के मुख्य द्वार पर रक्तदाताओं के नाम, तस्वीर और उनके द्वारा किए गए रक्तदान की संख्या के साथ फ्लेक्स बैनर लगाया जाएगा। इसके अलावा स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले लोगों को अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
डॉ. असजद अंसारी ने कहा की रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाली चिकित्सा सेवा है। रक्त की आवश्यकता किसी को भी, कभी भी पड़ सकती है। यह एक सुरक्षित और वैज्ञानिक प्रक्रिया है, जो किसी मरीज के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकती है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों में नई उम्मीद जगा सकता है।

Post a Comment

0 Comments