Ticker

6/recent/ticker-posts

हर बच्चे को परिवार, प्यार और सुरक्षित बचपन का अधिकार मिले : अरविंद कुमार रवि

गढ़वा।बच्चों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर समाज में व्यापक जागरूकता की जरूरत है। समाजसेवी अरविंद कुमार रवि ने कहा कि हर बच्चे का पहला और मूल अधिकार है कि वह अपने परिवार के साथ रहे, प्यार और स्नेह पाए तथा सुरक्षित वातावरण में शिक्षा ग्रहण करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बच्चे का वास्तविक विकास किसी संस्था या आश्रम में नहीं, बल्कि परिवार के स्नेह, संस्कार और संरक्षण के बीच ही संभव है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पारिवारिक माहौल सबसे अहम भूमिका निभाता है। शिक्षा, संस्कार, सुरक्षा और भावनात्मक सहयोग मिलकर बच्चों को एक जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनाते हैं। इसलिए समाज को ऐसे सकारात्मक प्रयास करने चाहिए, जिससे हर बच्चे को परिवार का साथ और सुरक्षित भविष्य मिल सके।
अरविंद कुमार रवि ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को त्यागने के बजाय उन्हें अपनाने, शिक्षित करने और उनके सपनों को साकार करने की सोच विकसित करनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर बच्चे को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के हितों की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का नैतिक कर्तव्य है। यदि किसी बच्चे को सहायता, संरक्षण या मार्गदर्शन की जरूरत हो, तो समाज के हर व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments