Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वच्छ और सुंदर सरस्वतिया के लिए लिया सामूहिक संकल्प नौवें दिन भी जारी रहा “आपन सरस्वतिया” अभियान

गढ़वा। जनसहभागिता एवं प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान नौवें दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। सरस्वतिया नदी के संरक्षण, सफाई एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से चल रहे इस अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का लगातार समर्थन मिल रहा है।
मंगलवार को शहर में निमिया स्थान के समीप पुल के पास पतंजलि योग समिति, गढ़वा के सहयोग से जेसीबी मशीन द्वारा नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य किया गया। इस दौरान दशकों से जमी गाद को हटाया गया, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली। मौके पर उपस्थित लोगों को सरस्वतिया नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। लोगों ने संकल्प लिया कि वे नदी को प्रदूषित नहीं होने देंगे और इसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि सरस्वतिया नदी शहर की प्राकृतिक धरोहर है। उन्होंने बताया कि नदी की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले लगभग 88 लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सफाई के साथ-साथ जनजागरूकता भी जरूरी है।
अभियान में राधा पार्वती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. पतंजलि केसरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा जल संरक्षण के लिए सरस्वतिया नदी का पुनर्जीवन अहम कदम है।
इस अवसर पर सियाराम शरण वर्मा, अब्दुल मन्नान, नीरज श्रीधर, मनोज संसाई, गौतम कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
गढ़वा शहरी क्षेत्र के साथ-साथ मेराल में भी सरस्वतिया नदी की सफाई का कार्य लगातार तीसरे दिन जारी रहा। अंचलाधिकारी यशवंत नायक के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से “आपन सरस्वतिया” अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments