Ticker

6/recent/ticker-posts

खुशियों का सच्चा जश्न: सालगिरह पर जरूरतमंदों के बीच अन्नदान की अनोखी पहल

गढ़वा। सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए सोशल वर्कर संस्था, गढ़वा के तत्वावधान में शहर के मुख्य चौक रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप साप्ताहिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसाद स्वरूप भोजन में पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला, फल एवं केक का वितरण किया गया। संस्था का यह 129वां साप्ताहिक भंडारा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गायत्री मेडिकल एजेंसी के संचालक संतोष जायसवाल ने अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर ‘फूड फॉर हंगर’ अभियान के तहत भंडारे का आयोजन कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वे अपनी हर खुशी के अवसर पर जरूरतमंदों को भोजन कराना चाहते हैं, क्योंकि अन्नदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने आगे भी इस साप्ताहिक भंडारे से जुड़े रहने की बात कही।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि विशेष अवसरों पर जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आएं, इससे आत्मिक संतुष्टि मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
संस्था के संचालक आकाश केसरी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य हर सप्ताह मंगलवार को सैकड़ों जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर संस्था की ओर से संतोष जायसवाल का केक काटकर सालगिरह मनाया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में शुभम केशरी, अनमोल कश्यप, यश गुप्ता, पियूष गुप्ता, मीडिया प्रभारी अंशु कांश्यकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments