गढ़वा। झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में राजकीयकृत रामा साहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, गढ़वा में निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं जागरूकता कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी माध्यमिक व उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं क्लब सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मादक पदार्थों का बढ़ता प्रचलन युवाओं के लिए गंभीर चुनौती है। विद्यालयों की भूमिका केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि नैतिक मूल्यों एवं स्वस्थ जीवनशैली के निर्माण में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से मादक पदार्थों की पहचान, उनके दुष्प्रभाव एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय स्तर पर जागरूकता रैली, निबंध, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद एवं नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया गया।
प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार में होने वाले बदलावों पर नजर रखने तथा संदिग्ध स्थिति में अभिभावकों एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई। मौके पर शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
0 Comments