Ticker

6/recent/ticker-posts

आपन सरस्वतिया” बना जनआंदोलन, 18वें दिन भी जारी सफाई अभियान

गढ़वा। जनसहभागिता एवं प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान गुरुवार को लगातार 18वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान पिपरा कला क्षेत्र में सरस्वतिया नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग एवं पुनर्जीवन का कार्य व्यापक स्तर पर किया गया। अभियान का उद्देश्य नदी के प्रवाह को सुचारू बनाना एवं तटों को अतिक्रमण व गंदगी से मुक्त करना है।
अभियान में समाजसेवी विकास माली की महत्वपूर्ण भूमिका देखने को मिली। उनके सहयोग से सफाई कार्य को गति मिली। इस दौरान केवल जेसीबी मशीनों के सहारे ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिकों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर मैनुअल सफाई में भी सक्रिय भागीदारी निभाई। नदी के भीतर और किनारों पर जमा कचरा, झाड़-झंखाड़ तथा अन्य अवरोधों को हटाया गया।
अभियान में युवाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। विश्वकर्मा समाज के स्थानीय युवा रविंद्र विश्वकर्मा ने अपना ट्रैक्टर निःशुल्क उपलब्ध कराकर सराहनीय योगदान दिया। ट्रैक्टर के माध्यम से निकाले गए कचरे एवं गाद के निष्पादन में काफी सुविधा हुई, जिससे कार्य और अधिक प्रभावी बना।
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अभियान में सहयोग कर रहे सभी नागरिकों, समाजसेवियों एवं युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “आपन सरस्वतिया” अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि आम लोगों का बढ़ता जुड़ाव है। प्रतिदिन समाज के विभिन्न वर्गों से लोग स्वेच्छा से आगे आकर इसमें भाग ले रहे हैं, जिससे यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरस्वतिया नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा। 

Post a Comment

0 Comments