Ticker

6/recent/ticker-posts

बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर डॉ. पातंजली केशरी का संदेश— अन्याय के खिलाफ संघर्ष ही असली साहस

गढ़वा: भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार को धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर चिनिया रोड स्थित बिरसा मुंडा पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सह राधा पार्वती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समर्पित था। उन्होंने “अबुआ दिशोम, अबुआ राज” का नारा देकर आदिवासी स्वशासन और अपने अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने अन्याय के खिलाफ संघर्ष को सच्चा साहस बताते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान (विद्रोह) का नेतृत्व कर आदिवासी समाज को संगठित किया।
उन्होंने बताया कि 19वीं शताब्दी के अंत में बिरसा मुंडा ने वर्तमान झारखंड के खूंटी, तमाड़, सरवाडा एवं बंदगांव क्षेत्रों में ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष कर उनके मंसूबों को विफल किया। उनका जीवन आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ खड़े होने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अंधविश्वास और नशाखोरी से दूर रहने का संदेश भी दिया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक रामसरीख चंद्रा ने कहा कि जननायक बिरसा मुंडा का बलिदान सदियों तक अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे महान वीर सपूत की जन्मस्थली उलिहातू गांव की मिट्टी का तिलक करना हम सभी के लिए गौरव की बात है।
इस मौके पर मुरली श्याम तिवारी, यशवंत मिश्रा, अंशु कांस्यकार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments