गढ़वा: सोशल वर्कर संस्था, गढ़वा के तत्वावधान में शहर के मुख्य चौक रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप साप्ताहिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, बुंदिया, रसगुल्ला एवं फल का वितरण किया गया। संस्था द्वारा आयोजित यह भंडारा कार्यक्रम अपने 130वें सप्ताह में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञान प्रकाश गुप्ता एवं मंजू देवी के पोते तथा शुभम गुप्ता एवं तानवि गुप्ता के सुपुत्र शिविन गुप्ता के जन्मदिन के अवसर पर गौरव गुप्ता एवं कुमकुम गुप्ता सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर गौरव गुप्ता ने कहा कि वह तीसरी बार संस्था के भंडारे में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में जब भी कोई खुशी का अवसर आता है, वे इसे जरूरतमंदों को भोजन कराकर उत्सव के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम सक्षम हैं तो आसपास के जरूरतमंद एवं लाचार लोगों की सहायता करना हमारा कर्तव्य है। संस्था समाजसेवा का एक सशक्त मंच बन चुकी है, जहां हर सप्ताह नए-नए लोग जुड़कर सैकड़ों जरूरतमंदों को भोजन कराते हैं।
उन्होंने कहा कि अन्नदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है और आगे भी वह इस सेवा कार्य में भाग लेते रहेंगे। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर संस्था से जुड़कर जरूरतमंदों की सेवा करें।
संस्था के संचालक आकाश केसरी ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक मंगलवार को सैकड़ों जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को संस्था के सभी सदस्य मिलकर आगे भी जारी रखेंगे। इस सेवा कार्य में महिलाओं की भागीदारी भी सराहनीय रही है।
0 Comments