Ticker

6/recent/ticker-posts

सेवा का 125वां पड़ाव: अग्रवाल परिवार ने सैकड़ों जरूरतमंदों को कराया प्रसाद स्वरूप भोजन

गढ़वा। सामाजिक सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अग्रवाल परिवार द्वारा हर शनिवार की तरह इस सप्ताह भी सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया। सेवा और समर्पण की भावना से संचालित यह अभियान अब अपने 125वें पड़ाव पर पहुंच चुका है, जो समाज के प्रति परिवार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया गया। इस सेवा कार्य में हर्ष अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, राजीव रंजन अग्रवाल, चंद्र प्रकाश अग्रवाल सहित समाजसेवी विनय कश्यप एवं अग्रवाल परिवार के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
मौके पर हर्ष अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जब समाज के लोग निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आते हैं, तब समाज की वास्तविक शक्ति दिखाई देती है।
वहीं संतोष अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा अभियान पिछले कई वर्षों से निरंतर चल रहा है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ जारी रहेगा। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे कार्यों में आगे आकर योगदान देने की अपील की।
समाजसेवी विनय कश्यप ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 125 सप्ताह तक सेवा कार्य को जारी रखना अत्यंत प्रेरणादायक है। ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने अग्रवाल परिवार के इस सामाजिक अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Post a Comment

0 Comments