Ticker

6/recent/ticker-posts

गढ़वा में स्वास्थ्य की नई पहल: न्यूरोलॉजिस्ट शिविर में 35 मरीजों को मिला राहत भरा उपचार

गढ़वा:जिले में न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच रविवार को शहर के मेन रोड स्थित आरोग्य फार्मेसी में आयोजित विशेष परामर्श शिविर ने मरीजों को बड़ी राहत दी। रांची से आए प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ओमप्रकाश कुंवर ने शिविर के दौरान कुल 35 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया।
शिविर में सिरदर्द, माइग्रेन, चक्कर आना, हाथ-पैरों में झनझनाहट, लकवा, मिर्गी, न्यूरोपैथी, स्मृति कमजोरी, सर्वाइकल एवं रीढ़ संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सक ने मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री और लक्षणों का गहन मूल्यांकन करते हुए आवश्यक जांच, दवा एवं जीवनशैली में सुधार के सुझाव दिए।
इस दौरान डॉ. कुंवर ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अनियमित दिनचर्या, उच्च रक्तचाप और मधुमेह के कारण न्यूरोलॉजिकल रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि बार-बार सिरदर्द, चक्कर, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, बोलने में कठिनाई या स्मृति संबंधी समस्याएं नजर आएं तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। समय पर इलाज से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
शिविर में पहुंचे मरीजों ने स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सुविधा मिलने पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा।
आरोग्य फार्मेसी के प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments