Ticker

6/recent/ticker-posts

“आपन सरस्वतिया” अभियान को मिला जनसमर्थन, 12वें दिन भी जारी रही नदी सफाई

गढ़वा:जनसहभागिता एवं प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत शुक्रवार को लगातार 12वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य जारी रहा। अभियान के अंतर्गत नवादा क्षेत्र में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाकर नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए गए।
इस दौरान नदी में जमा गाद, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
आज के कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी रविकांत दुबे ने प्रायोजक के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उनके योगदान की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और अन्य लोगों से भी इस तरह की स्वैच्छिक भागीदारी की अपील की।
एसडीएम ने कहा कि “आपन सरस्वतिया” अभियान अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्ग स्वेच्छा से आगे आकर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक अभियान की सफलता तब सुनिश्चित होती है जब समाज उसे अपना अभियान मानकर उसमें सक्रिय भागीदारी करे।
वहीं मेराल क्षेत्र में भी नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से नदी के प्राकृतिक प्रवाह को पुनर्जीवित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
एसडीएम ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और सफाई के बाद पुनः गंदगी फैलाने वालों के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिन लोगों ने नदी सफाई में योगदान दिया, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया है। यदि इसी प्रकार जनसमर्थन मिलता रहा, तो सरस्वतिया नदी के पूर्ण पुनर्जीवन तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments