गढ़वा। रंका अनुमंडल के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रंका में महिलाओं एवं गर्भवती माताओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समर्पित ‘महिला OPD’, आधुनिक प्रसव कक्ष, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सेंटर एवं आभा सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी, प्रखंड प्रमुख लीलावती देवी एवं मुखिया रंजीत सोनी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में सहिया बहनों ने पारंपरिक स्वागत गीत व पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी के नेतृत्व में अस्पताल में हुए व्यापक सुधारों की सराहना की गई।
डॉ. अंसारी के प्रयासों से रंका CHC गढ़वा जिले का पहला ऐसा केंद्र बन गया है, जहां महिलाओं के लिए अलग से समर्पित ‘महिला OPD’ की व्यवस्था शुरू की गई है। अब सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक महिला चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, नए सुसज्जित प्रसव कक्ष के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को 24 घंटे सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिलेगी।
मुख्य अतिथि सिविल सर्जन ने रंका अस्पताल को जिले का ‘रोल मॉडल’ बताते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था और टीमवर्क अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के लिए प्रेरणादायक है। प्रखंड प्रमुख लीलावती देवी एवं मुखिया रंजीत सोनी ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे रंका, रमकंडा, चिनिया एवं भंडरिया प्रखंड के गरीब मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही मुखिया ने अस्पताल में एक्स-रे मशीन जल्द शुरू कराने की मांग भी रखी।
नवनियुक्त महिला चिकित्सकों डॉ. सोनम प्रिया एवं डॉ. पल्लवी कुमारी ने महिलाओं से अपील की कि वे झिझक छोड़कर अस्पताल में खुलकर इलाज कराएं, जहां गोपनीयता के साथ बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है।
कार्यक्रम में डॉ. मेराज अहमद, डॉ. सोनल सागर, डॉ. उत्कर्ष मिश्रा, डॉ. नितीश परमार्थी, डॉ. सुष्मिता सिंह, डॉ. अतुल सहित कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने रंका की स्वास्थ्य व्यवस्था को राज्य में सर्वोत्तम बनाने का संकल्प लिया।
0 Comments