गढ़वा (रंका) : शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रंका में छात्राओं के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने छात्राओं को विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
उन्होंने छात्राओं को यौन शोषण, साइबर अपराध, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, सड़क सुरक्षा एवं नशाखोरी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर भी विशेष बल दिया।
थाना प्रभारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य को तय कर आगे बढ़ने की अपील की, ताकि वे आत्मनिर्भर और सफल नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर राजकीय बुनियादी विद्यालय रंका के संकुल साधन सेवी देवेंद्र नाथ उपाध्याय, विद्यालय की वार्डन अनिमा बेक, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शमशेर आलम, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सभी छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ।
0 Comments