गढ़वा। टंडवा नारायणपुर स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित “Capacity Building Programme” सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रिसोर्स पर्सन चिन्नसू सिंह एवं राहुल कुमार सिंह, विद्यालय के निदेशक अनूप सोनी, सचिव आलोक सोनी, प्रबंधन समिति सदस्य धीरज राज, सोनू कुमार तथा वेन्यू डायरेक्टर आकाश कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती पूजन के साथ किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का विषय “Storytelling as Pedagogy” था, जिसमें गढ़वा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसे काफी प्रभावशाली व लाभकारी बताया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण विधियों से अवगत कराना था, ताकि कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को सरल, रोचक और यादगार तरीके से पढ़ाया जा सके। रिसोर्स पर्सन द्वारा शिक्षकों को रचनात्मक शिक्षण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वेन्यू डायरेक्टर आकाश कुमार ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि कहानी के माध्यम से कठिन विषयों को भी आसानी से समझाया जा सकता है। इससे बच्चों की कल्पनाशक्ति, भाषा कौशल और रचनात्मकता का विकास होता है।
विद्यालय के निदेशक अनूप सोनी ने कहा कि कहानी-कथन की विधि अपनाने से बच्चे पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद के रूप में लेते हैं। वहीं सचिव आलोक सोनी ने इसे शिक्षण की एक प्रभावी पद्धति बताते हुए कहा कि इससे कक्षा शिक्षण अधिक जीवंत और प्रेरणादायक बनता है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
0 Comments