गढ़वा। खरीफ फसल सीजन को सफल बनाने एवं किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रखंड सभागार में कृषि विभाग की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ फसल की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं बेहतर उत्पादन तकनीकों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि बदलते मौसम के अनुसार खेती के तौर-तरीकों में बदलाव आवश्यक है। किसानों को वैज्ञानिक तरीके से बुवाई, सिंचाई प्रबंधन, उन्नत बीजों के उपयोग तथा तकनीक आधारित कृषि प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही बीज चयन, खेत की तैयारी, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं रोग नियंत्रण के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ,सीओ , प्रमुख, कृषि महाविद्यालय गढ़वा के रजिस्ट्रार डॉ. राहुल तिवारी, उप प्रमुख, विधायक प्रतिनिधि, मुखिया संघ अध्यक्ष कोरवाडीह, जिला परिषद सदस्य ज़ैदुल्लाह अंसारी, पंचायत समिति सदस्य ब्रह्मदेव सिंह, योगेंद्र राम, जेएसएलपीएस से प्रमोद पाण्डेय एवं नेहा कुमारी, प्रगतिशील कृषक ब्रजेश तिवारी, नंद किशोर मेहता, पैक्स अध्यक्ष प्रदीप मेहता, एफपीओ अध्यक्ष एवं कृषक मित्र के जिलाध्यक्ष जय कांत तिवारी, बीसीओ, जनसेवक सुनीता देवी, रंजन चौबे, अजीत कुमार सिंह सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बीटीएम गढ़वा अजय साहू द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार ने किया।
0 Comments