गढ़वा :उत्क्रमित उर्दू +2 उच्च विद्यालय बान्दू चुतरू अंतर्गत संचालित संकुल संसाधन केंद्र में सभी शिक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संकुल साधन सेवी देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने की।
बैठक के दौरान विद्यालय संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस अवसर पर विशेष रूप से विद्यालयों में समय सारिणी के नियमित अनुपालन, छात्रों की कम उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था तथा शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से लेसन प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, अपार आईडी निर्माण कार्य तथा समर कैंप संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की भी गहन समीक्षा की गई। संकुल साधन सेवी ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यालय में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित करें तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखें।
उन्होंने विभागीय निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार पासवान, अबुल हसन अंसारी, परवेज आलम खान, अमूल्य प्रसाद, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नइमुदीन अंसारी, नितेश कुमार पांडे, आलोक कुमार पांडे, नूरुद्दीन अंसारी, पूनम सुरीन सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित थे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।
0 Comments