Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वस्थ विद्यार्थी, सशक्त राष्ट्र की नींव” — बीएसकेडी पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य एवं कल्याण प्रशिक्षण आयोजित

गढ़वा:केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के दिशा-निर्देशों के तहत स्थानीय बीएसकेडी पब्लिक स्कूल में “स्कूल स्वास्थ्य एवं कल्याण” विषय पर एक दिवसीय आंतरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना था, ताकि विद्यालय में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक संजय सोनी एवं प्राचार्या रीना कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रार्थना सभा के साथ प्रशिक्षण सत्र की विधिवत शुरुआत हुई।
प्रशिक्षण के मुख्य वक्ता अभिनाश मिश्रा ने विद्यार्थियों के समग्र विकास में मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उन्हें बच्चों की भावनाओं एवं व्यवहार को भी समझना होगा। उन्होंने स्वच्छता, संतुलित आहार, योग, तनाव प्रबंधन एवं नैतिक मूल्यों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
विद्यालय के निदेशक संजय सोनी ने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में बच्चों पर दबाव अधिक है, ऐसे में शिक्षकों को मार्गदर्शक की भूमिका निभानी होगी। वहीं प्राचार्या रीना कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का समापन समूह छायाचित्र एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments