गढ़वा। बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय में सड़क सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा संचालित डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए डेंटल मोबाइल वैन का उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वा के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर रहे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया।
कुलपति प्रो. एम.के. सिंह ने अपने संबोधन में सड़क दुर्घटनाओं के चिंताजनक आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि देश में प्रतिदिन सैकड़ों लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी को प्रमुख कारण बताया तथा विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सीट बेल्ट, हेलमेट, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा मोबाइल का उपयोग न करने जैसी सावधानियों पर जोर दिया। साथ ही “हिट एंड रन” मामलों और गुड सेमेरिटन नीति-2020 की जानकारी देते हुए दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
इसी दौरान डेंटल मोबाइल वैन का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि यह वैन ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में दंत चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
0 Comments