डंडई (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के रारो सहित विभिन्न गांवों में बकरीद का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों एवं ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां नमाज अदा कर देश एवं समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर रारो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार ठाकुर मुस्लिम समुदाय के बीच पहुंचे और सभी को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी को मिलजुल कर मनाना चाहिए।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
प्रशासन ने आमजन से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। वहीं डंडई प्रखंड के अन्य गांवों एवं पंचायतों में भी बकरीद का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर बधाइयां दीं और आपसी सौहार्द का संदेश फैलाया।
0 Comments