गढ़वा। टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में वन विभाग के सभागार में दस दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संघ के संरक्षक अलखनाथ पाण्डेय, अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह एवं सचिव आनंद सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संरक्षक अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना संघ का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास पर जोर देते हुए कहा कि ओलंपिक में खेलना हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए, जिसके लिए शारीरिक रूप से मजबूत होना भी जरूरी है।
अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से कैंप का पूरा लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
उपाध्यक्ष धनंजय सिंह ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सपने वही होते हैं जो हमें सोने न दें। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और जुनून के साथ निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
सचिव आनंद सिन्हा ने बताया कि संघ खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। आने वाले समय में और भी खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश दुबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव आनंद सिन्हा ने किया। मौके पर प्रिंस सोनी, मिथलेश सिंह, पंकज सोनी, संजय सिंह सहित कई खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।
0 Comments