गढ़वा। पाल महासंघ गढ़वा द्वारा 301वीं जयंती के अवसर पर रविवार सुबह नीलांबर-पीतांबर भवन के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व महासंघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार पाल ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया और उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों को प्रेरणास्रोत बताया।
महासंघ के सचिव रमेश पाल ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर धनगर-गडरिया समाज से होने के बावजूद सभी जाति और धर्म से ऊपर उठकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया। उनके जीवन से हमें समर्पण, सेवा और समानता का संदेश मिलता है।
वहीं उप सचिव बुद्धदेव पाल ने राजमाता को नारी शक्ति का प्रतीक बताते हुए समाज की महिलाओं से सामाजिक दायित्वों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।
माल्यार्पण के बाद युवा समाजसेवी राकेश पाल के साथ एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक एकता एवं विकास पर चर्चा की गई। राकेश पाल ने सभी पाल परिवारों से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही वर्ष 2026 में पाल महासंघ का एक भव्य सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
कार्यक्रम में महासंघ के उपाध्यक्ष उमेश पाल, उप सचिव बुद्धदेव पाल एवं सुरेंद्र पाल, जिला संरक्षक सुखबीर पाल सहित रामावतार पाल, अशर्फी पाल, विजय पाल, रामदास पाल, राम सकल पाल, भोगनाथ पाल, विवेकानंद पाल, योगेंद्र पाल, अभय पाल, दिलीप पाल, अमरदीप पाल, राकेश पाल, नितेश पाल, शिवकुमार पाल, रंजन पाल, सुमित पाल समेत विभिन्न गांवों से आए पाल समाज के सदस्य उपस्थित थे।
0 Comments