गढ़वा : जिले में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग (पुरुष) सीजन-2 के सफल आयोजन को लेकर रविवार को गढ़वा टाउन हॉल मैदान में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के सफल संचालन, खिलाड़ियों की सुविधाओं, मैदान की व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग (पुरुष) सीजन-2 का आयोजन 11, 12, 13 एवं 14 जून 2026 को टाउन हॉल मैदान, गढ़वा में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रतिदिन संध्या 6:00 बजे से होगा। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के उद्देश्य से एक सशक्त आयोजन समिति का गठन किया गया।
समिति में दीपक शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पीयूष तिवारी, रविंद्र नाथ ठाकुर, अरविंद जायसवाल, शुभम कुमार, रमाशंकर सिंह एवं सुशील तिवारी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रोहित कुमार शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा राहुल शर्मा एवं रिशु मिश्रा को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं त्रिपुरारी सिंह को सचिव, गोरखनाथ चौधरी को प्रवक्ता तथा राहुल जोशी, इश्तियाक राजा एवं आलोक कुमार विश्वकर्मा को सह-सचिव बनाया गया है। इसके अलावा राकेश पाल, शंकर प्रताप विश्वकर्मा, सूरज गुप्ता, विनोद जायसवाल एवं डॉ. पतंजलि केसरी को संरक्षक की भूमिका दी गई है।
मीडिया प्रभारी के रूप में पंकज मैक्स, अंकुर मौर्य, विनीत गुप्ता एवं विक्की ठाकुर कार्य करेंगे, जबकि ग्राउंड प्रभारी की जिम्मेदारी आलोक श्रीवास्तव, अजय कांत, अनुराग पांडे, रजत देव एवं सिकंदर प्रजापति को सौंपी गई है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता न केवल गढ़वा जिले की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाएगी, बल्कि कबड्डी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आयोजन समिति ने जिलेवासियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।
0 Comments