गढ़वा। एकल विद्यालय अभियान के तत्वावधान में सोमवार की संध्या बेला में शहर के दानरो नदी तट पर भव्य गंगा आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की मनमोहक रोशनी के बीच मां गंगा की आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान “हर-हर गंगे” के जयघोष से नदी तट गूंज उठा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने “जल ही जीवन है” के महत्व को समझते हुए नदियों के संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष दौलत सोनी ने कहा कि गंगा दशहरा जैसे पर्व हमें धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता और पवित्रता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दानरो नदी की साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में नदी की सफाई कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। उन्होंने आम जन और स्वयंसेवी संस्थाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
अभियान के गढ़वा अंचल अध्यक्ष सह भाजपा नेता डॉ. पातंजली केशरी ने नदियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नदी केवल मानव जीवन ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों और वनस्पतियों के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नदियां सिंचाई, बिजली उत्पादन, मत्स्य पालन, परिवहन सहित कई आवश्यक कार्यों का आधार हैं और हमारी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं। नदियां जल जीवों को आश्रय प्रदान करती हैं और कई स्थानों पर यह मनोरंजन का भी प्रमुख केंद्र बनती जा रही हैं।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि नदियों को स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी बनाने के लिए मिलकर प्रयास करें।
0 Comments