Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की झलक के साथ समर कैंप संपन्न

गढ़वा। स्थानीय जीएन कान्वेंट स्कूल में ग्रीष्मावकाश से पूर्व आयोजित छः दिवसीय समर कैंप का समापन समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बच्चों ने खेल गतिविधियों, रैंप वॉक, फायरलेस कुकिंग, बॉक्सिंग तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने-अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि समर कैंप केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, अनुशासन और आत्मविश्वास को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि बीते छह दिनों में विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और समर्पण का परिचय दिया, वह सराहनीय है।
कैंप के दौरान बच्चों ने खेल, कला, संगीत, नृत्य, योग, कंप्यूटर, विज्ञान गतिविधियों सहित फायरलेस कुकिंग में भाग लेकर अपनी क्षमताओं को विकसित किया। निदेशक ने शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संतोष प्रसाद, नीरा शर्मा, नीलम कुमारी, वीरेंद्र शाह, दिनेश कुमार, कृष्ण कुमार, चंदा श्रीवास्तव, आदित्य सोनी, सुनीता कुमारी, पूजा प्रकाश, वर्षा कुमारी, मुकेश भारती सहित अन्य की भूमिका सराहनीय रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन उपप्राचार्य बसन्त ठाकुर ने किया।

Post a Comment

0 Comments