Ticker

6/recent/ticker-posts

मनोयोग, निष्ठा और लगन से ही शिक्षक बनते हैं सफलता के मार्गदर्शक : अलखनाथ पाण्डेय

गढ़वा। आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 का पहला इनहाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम आरकेवीएस के सभागार में आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में समूह के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्यालयों—आरकेपीएस गढ़वा, श्रीबंशीधर नगर, उँचरी (मंझिआंव) एवं हूर के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इससे पूर्व निदेशक एवं सभी विद्यालयों के प्राचार्यों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्वागत गान के माध्यम से किया गया।
कार्यशाला का मुख्य विषय ‘सब्जेक्टिव लर्निंग’ रहा, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए रिसोर्स पर्सन के रूप में संतोष पाण्डेय, केआर झा, नसरीन हक एवं शिखा गुप्ता ने शिक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अपने संबोधन में निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा में सक्रिय शिक्षण के लिए आवश्यक तकनीक एवं उपकरण उपलब्ध कराना है, जिससे छात्र-छात्राओं की सहभागिता बढ़े और सीखने के परिणाम बेहतर हों। उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक है और इसमें शिक्षण प्रणाली में व्यापक बदलाव हुआ है। इसलिए बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर विभिन्न गतिविधियों में भी शामिल करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समाज के विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक न केवल शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण एवं सामाजिक व्यवहार को भी दिशा देता है। उन्होंने शिक्षकों से विषय ज्ञान, शिक्षण पद्धति एवं विद्यार्थियों की समझ पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि मनोयोग, निष्ठा, लगन और कर्तव्य के प्रति ईमानदारी ही सफलता का मूल मंत्र है।
कार्यशाला को प्रभावी बनाने के लिए प्रोजेक्टर एवं स्लाइड का उपयोग किया गया तथा विषय आधारित गतिविधियां भी कराई गईं।
इस अवसर पर अनुप कुमार पाण्डेय, अनिता सिन्हा, राजेश पाण्डेय, राजेश कुमार, अभिलाषा तिवारी, जागृति चौबे, रुपेश पाण्डेय, नंदलाल गुप्ता, गीता पाण्डेय, श्वेता पाण्डेय, विकास तिवारी, इम्तियाज खान, शहेला खान, आशीष कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments